वैदिक मंत्रोच्चारण और शंख की गूँज के साथ खुले बद्रीनाथ धाम के कपाट, चारधाम यात्रा का हुआ शुभारंभ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री के नाम से पहली महाभिषेक पूजा की, श्रद्धालुओं में उत्साह।
Bureau 23 Apr 2026, 11:38 AM 1 min read
वैदिक मंत्रोच्चारण और शंख की गूँज के साथ खुले बद्रीनाथ धाम के कपाट, चारधाम यात्रा का हुआ शुभारंभ

 

 

चारधाम यात्रा 2026 के तहत उत्तराखंड स्थित बद्रीनाथ धाम के कपाट गुरुवार सुबह वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। प्रातः 6 बजकर 15 मिनट पर कपाट खुलने के साथ ही मंदिर परिसर भक्ति और आस्था के माहौल से गूंज उठा।

 

राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कपाट उद्घाटन के अवसर पर बद्रीनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने नरेंद्र मोदी के नाम से पहली महाभिषेक पूजा संपन्न कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में स्थित लक्ष्मी मंदिर, गणेश मंदिर और आदि गुरु शंकराचार्य गद्दी में भी विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने तीर्थयात्रियों का स्वागत किया और यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया। चारधाम यात्रा के शुभारंभ के साथ बद्रीनाथ धाम में धार्मिक परंपराओं और व्यवस्थाओं का संतुलित समन्वय देखने को मिला। देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की, वहीं भंडारे का भी शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने भी श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया।

 

कपाट खुलने के अवसर पर माणा और बामणी गांव की महिलाओं ने पारंपरिक जागरों के साथ झुमैलो नृत्य प्रस्तुत किया। इस सांस्कृतिक आयोजन ने पूरे वातावरण को लोक परंपरा और भक्ति के रंग में रंग दिया। मुख्यमंत्री धामी ने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं से हरित और स्वच्छ चारधाम यात्रा में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया।

← Previous Story Next Story →

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें