शभर में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने केंद्र की मोदी सरकार पर महंगाई बढ़ाने का आरोप लगाते हुए कहा कि ईंधन की कीमतों में चरणबद्ध तरीके से बढ़ोतरी कर आम लोगों पर लगातार आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। देवेंद्र यादव ने दावा किया कि 15 मई 2026 से 25 मई 2026 के बीच महज 11 दिनों में दिल्ली में पेट्रोल की कीमत में 7.40 रुपये और डीजल की कीमत में 7.52 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई। उनके अनुसार यह बढ़ोतरी आम उपभोक्ताओं के मासिक बजट पर सीधा असर डाल रही है।
उन्होंने कहा कि 15 मई को पेट्रोल और डीजल दोनों की कीमतों में 3-3 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी। इसके बाद 19 मई को पेट्रोल 96 पैसे और डीजल 94 पैसे महंगा हुआ। 23 मई को पेट्रोल में 94 पैसे और डीजल में 95 पैसे की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं 25 मई को पेट्रोल की कीमत 2.61 रुपये और डीजल 2.71 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिए गए। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि ईंधन कीमतों में लगातार हो रही यह बढ़ोतरी केंद्र सरकार की नीतियों का परिणाम है और इसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है।
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राजधानी में पिछले 11 दिनों के दौरान सीएनजी की कीमतों में भी चार बार बढ़ोतरी हुई है। हाल ही में 1 रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि के बाद सीएनजी की कीमत 81.09 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंची थी। इसके बाद 26 मई की सुबह फिर 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई, जिसके बाद नई कीमत 83.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ते सीएनजी दामों का असर ऑटो चालकों, टैक्सी संचालकों और रोजाना सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने वाले यात्रियों पर पड़ रहा है।
देवेंद्र यादव ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी का हवाला देकर घरेलू उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को महंगाई से राहत देने के लिए कदम उठाने चाहिए। उन्होंने दावा किया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें फिलहाल 91 से 98 डॉलर प्रति बैरल के बीच हैं। कांग्रेस नेता के मुताबिक, पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान भी कच्चे तेल की कीमतें ऊंचे स्तर पर थीं, लेकिन उपभोक्ताओं को राहत देने का प्रयास किया जाता था।
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई और ईंधन कीमतों के कारण आम जनता आर्थिक दबाव का सामना कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार समर्थक महंगाई के मुद्दे पर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि रोजमर्रा के खर्च लगातार बढ़ रहे हैं।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें