राजधानी दिल्ली के द्वारका सेक्टर-24 स्थित गोल्फ कोर्स में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों की तालाब में डूबकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दावा किया है कि यह पहला मामला नहीं है और पहले भी इस स्थान पर इसी तरह के हादसे हो चुके हैं। पुलिस और दमकल विभाग को सुबह 7:08 बजे सूचना मिली कि कुछ बच्चे तालाब में फंस गए हैं। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक तीनों बच्चों की डूबने से मौत हो चुकी थी। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, बच्चे खेलते-खेलते तालाब के पानी में उतर गए थे और इसी दौरान वे गहराई में चले गए।
स्थानीय निवासी ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब इस तालाब में बच्चे डूबे हों। दो साल पहले भी यहां 3-4 बच्चे डूब चुके हैं। अगर यहां सुरक्षा के इंतजाम होते, तो शायद आज यह हादसा नहीं होता। गोला डेयरी क्षेत्र के निवासी मनोज ने भी पुरानी घटना का जिक्र करते हुए बताया कि पहले बच्चों की गेंद तालाब में चली गई थी, जिसे निकालने के दौरान एक के बाद एक बच्चे डूबते चले गए। उनके अनुसार, तालाब बाहर से कम गहरा दिखता है, लेकिन अंदर काफी गहराई और दलदल जैसी स्थिति है, जिससे बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि तालाब के चारों ओर पर्याप्त सुरक्षा नहीं है। दीवारें कई जगहों पर छोटी हैं, जिससे बच्चे आसानी से अंदर पहुंच जाते हैं। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तालाब के चारों ओर मजबूत फेंसिंग की जाए साथ ही सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाएं और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं।लोगों का कहना है कि लगातार हो रहे हादसों के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है।
फिलहाल पुलिस ने तीनों बच्चों के शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्चे चारदीवारी पार कर तालाब के अंदर गए थे। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें