उत्तर प्रदेश में कक्षा 5 और कक्षा 8 की वार्षिक परीक्षाओं को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। बेसिक शिक्षा विभाग ने प्रदेश के 18 जिलों में कुछ विषयों की परीक्षा तिथियों में संशोधन किया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब इन विषयों की परीक्षाएं 24 मार्च को कराई जाएंगी।
बेसिक शिक्षा विभाग के अनुसार यह बदलाव जिला मुख्यालय वाले 18 जिलों में किया गया है। इनमें आगरा, अलीगढ़, अयोध्या, आजमगढ़, बरेली, बस्ती, चित्रकूट, गोंडा, गोरखपुर, झांसी, कानपुर नगर, लखनऊ, मेरठ, मीरजापुर, मुरादाबाद, प्रयागराज, सहारनपुर और वाराणसी शामिल हैं।
पहले जारी कार्यक्रम के अनुसार इन जिलों में कक्षा 5 की गणित की परीक्षा 17 मार्च और सामाजिक विज्ञान की परीक्षा 18 मार्च को प्रस्तावित थी। वहीं कक्षा 8 की गणित की परीक्षा 17 मार्च और विज्ञान का पेपर 20 मार्च को होना था। अब इन सभी विषयों की परीक्षाएं 24 मार्च को दो पालियों में आयोजित कराई जाएंगी।
बेसिक शिक्षा विभाग के निदेशक प्रताप सिंह बघेल की ओर से इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। विभाग के अनुसार जिन जिलों में यह संशोधन किया गया है, वहां छात्रों की संख्या अधिक होने के कारण व्यवस्थागत कारणों से परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया गया है।
प्रदेश के बाकी जिलों में परीक्षाएं पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी। शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को निर्देश दिया है कि संशोधित परीक्षा तिथियों की जानकारी छात्रों, शिक्षकों और संबंधित स्टाफ को समय से उपलब्ध कराई जाए। विभाग के अनुसार संशोधित कार्यक्रम के तहत परीक्षाओं की तैयारी और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित जिलों में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें