फतेहाबाद (आगरा) । आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब बिहार से राजस्थान के चुरू जिले की ओर जा रही एक कार आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला और दाहिना हिस्सा कंटेनर में फंसकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना फतेहाबाद क्षेत्र के अंतर्गत एक्सप्रेसवे पर हुई। आशंका जताई जा रही है कि वाहन चालक को झपकी आने के कारण कार अनियंत्रित होकर कंटेनर से टकरा गई। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस के मुताबिक, कार चला रहे मोहम्मद सोएव पुत्र मोहम्मद सलीम निवासी सरदारशहर, जिला चुरू (राजस्थान) के साथ परमिता कुमारी, राजीव कुमार, पूजा कुमारी, अयान्श, शंकर कुमार, सुनील कुमार और प्रीति यात्रा कर रहे थे।
दुर्घटना में शंकर कुमार और सुनील कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में गंभीर रूप से फंसी प्रीति ने भी दम तोड़ दिया। बताया गया है कि मृतक शंकर कुमार, परमिता कुमारी के ममेरे भाई थे, जबकि सुनील कुमार उनके सगे भाई थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी लुहारी, पीआरवी-9069 और 5619, एसएसडी एंबुलेंस, एटलस एंबुलेंस, यूपीडा टीम, फतेहाबाद थाना पुलिस, एटलस सेफ्टी टीम और हाइड्रा मशीन मौके पर पहुंच गई। विभिन्न एजेंसियों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
हादसे में घायल पांच लोगों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद भेजा गया। वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए आगरा स्थित मोर्चरी भेजा गया है। पुलिस ने मृतका प्रीति के आभूषण और अन्य सामान को कब्जे में लेकर सुरक्षित रख लिया है। दुर्घटना के बाद कंटेनर चालक वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को चौकी लुहारी परिसर में खड़ा कराया है, जबकि कंटेनर को भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है।
राहत और बचाव कार्य के दौरान कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा, हालांकि बाद में यातायात को सामान्य रूप से संचालित कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार कंटेनर चालक की तलाश जारी है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें