UP News: आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर उत्तर प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां अभी से तेज होने लगी हैं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को महानवमी के अवसर पर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के घोषणापत्र जारी करने की तिथि का ऐलान कर दिया है। सपा मुखिया ने कहा कि 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी अपना घोषणापत्र जारी करेगी। सपा ने अपने घोषणा पत्र को ‘सत्ताइस का संकल्पः पीडीए का प्रणपत्र’ नाम दिया गया है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर कर इस बावत जानकारी दी। एक्स पर किये गये पोस्ट में सपा अध्यक्ष ने लिखा कि संविधान दिवस के अवसर पर पार्टी ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ जारी करेगी। सपा मुखिया के इस ऐलान के बाद यूपी के सियासी गलियारों में पार्टी की चुनावी रणनीति और घोषणापत्र में शामिल होने वाले मुद्दों को लेकर चर्चा होने लगी है।
साल 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी ने पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को अपनी राजनीति के केंद्र में रखा था। जिसका पार्टी को लाभ भी मिला था। 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा ने उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से 37 सीटों पर परचम लहराया था। पार्टी पीडीए के उसी रणनीति को आगामी विधानसभा चुनाव में भी आगे बढ़ाने की तैयारी करती नजर आ रही है। पीडीए को और ज्यादा मजबूत करने के लिए समाजवादी पार्टी दूसरे राजनीतिक दलों के पिछड़े और दलित नेताओं को अपने साथ जोड़ने का प्रयास कर रही है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव अपनी जनसभाओं में भी लगातार सामाजिक न्याय, संविधान और वंचित वर्गों के अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठा रहे हैं।
सपा प्रमुख का कहना है कि पीड़ित और उपेक्षित वर्ग के लोगों की आवाज को पीडीए के जरिए से उठाया जाएगा। अखिलेश यादव ने प्रदेश की बीजेपी सरकार पर दलितों और पिछड़ों के हितों की अनदेखी करने के आरोप लगाया है। सपा प्रमुख ने स्पष्ट किया है कि सत्ता में सपा के आने पर पीडीए वर्ग के लोगों को सम्मान और अधिकार दिलाने के काम किये जाएंगे। अब 26 नवंबर को सपा द्वारा जारी किये जाने वाले ‘पीडीए के प्रणपत्र’ पर राजनीतिक दलों और मतदाताओं की नजर रहेगी। यह देखना काफी अहम होगा कि पार्टी के घोषणापत्र में किन मुद्दों और योजनाओं को प्राथमिकता दी जाती है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें