Ambedkar Nagar News: जनपद में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, जिले के 23 परीक्षा केंद्रों पर 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर 2026 को छह पालियों में परीक्षा आयोजित होगी। इसमें कुल 9,816 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा की प्रथम पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को समय से दुरुस्त कर लिया जाए। परीक्षार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल सहित आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ ही आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाए।
उन्होंने परीक्षा से पहले, परीक्षा के दौरान और परीक्षा समाप्त होने के बाद की जाने वाली सभी प्रक्रियाओं की जानकारी रखने तथा प्रत्येक परीक्षा दिवस पर कक्ष निरीक्षकों की ब्रीफिंग कराने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता न होने देने पर जोर दिया। परीक्षा के सुचारु संचालन और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना प्राथमिकता है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें