जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के फरीदपुर कोंडरा गांव में गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। विस्फोट में तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि धमाका इतना तेज था कि मकान की एक दीवार भी ढह गई। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। घायलों की पहचान दिवाकर (34), आशुतोष (29) और उमाकांत (24) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी दिलेश सरोज, अंकित यादव और हेड कांस्टेबल सुभाष यादव मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
घटना के बाद तीनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसखारी पहुंचाया गया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक उपचार के बाद तीनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, धमाका काफी तेज था। इसकी आवाज सुनकर गांव के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। हादसे के कारण घर के एक हिस्से को भी नुकसान पहुंचा और मकान की एक दीवार गिर गई। हालांकि इस घटना में किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद गांव में आग लगने के कारणों को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। बसखारी थाना क्षेत्र निवासी दिवाकर के ससुर आशाराम ने आरोप लगाया कि दिवाकर अक्सर उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था और घटना वाले दिन भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद उनकी बेटी मायके चली आई थी।
आशाराम का आरोप है कि इसके बाद दिवाकर ने स्वयं अपने घर में आग लगाई। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें