जिसे नकल रोकनी थी, वही मोबाइल से छात्राओं की कर रहा था मदद - CCTV में कैद हुआ मामला

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की परीक्षा के दौरान ग्रेटर नोएडा के केंद्र पर दो छात्राओं के साथ कक्ष निरीक्षक के खिलाफ भी यूएफएम और अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति।

 

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर और उससे संबद्ध कॉलेजों में चल रही परीक्षाओं की निगरानी के दौरान एक गंभीर अनियमितता सामने आई है। ग्रेटर नोएडा स्थित एक परीक्षा केंद्र पर तैनात कक्ष निरीक्षक मोबाइल फोन के जरिए परीक्षार्थियों को अनुचित सहायता प्रदान करते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। मामले में दो छात्राओं के खिलाफ यूएफएम की कार्रवाई की गई है, जबकि संबंधित कक्ष निरीक्षक के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति की गई है।

 

प्रोफेसर अनुज कुमार के समन्वयन में विश्वविद्यालय के सीसीटीवी कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। शनिवार को दूसरी पाली की परीक्षा के दौरान ग्रेटर नोएडा स्थित केसीसी इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल एंड हायर एजुकेशन के परीक्षा केंद्र पर एक कक्ष में तैनात निरीक्षक की गतिविधियां संदिग्ध दिखाई दीं। निगरानी के दौरान पाया गया कि कक्ष निरीक्षक मोबाइल फोन के माध्यम से परीक्षार्थियों को सहायता उपलब्ध करा रहा था।

 

मामले की सूचना मिलते ही केंद्रीय उड़ाका दल के सदस्य डॉ. राजवीर सिंह को जानकारी दी गई। इसके बाद उड़ाका दल ने परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित कक्ष निरीक्षक मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए पाया गया। वहीं कक्ष में परीक्षा दे रही दो छात्राओं के पास भी मोबाइल फोन बरामद हुए।

 

जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि दोनों छात्राएं मोबाइल फोन की सहायता से नकल कर रही थीं। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियमों के तहत दोनों के खिलाफ अनुचित साधन प्रयोग (यूएफएम) की कार्रवाई की गई। इसके अलावा संबंधित कक्ष निरीक्षक के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन को भेज दी गई है।

 

सीसीटीवी कंट्रोल रूम के समन्वयक प्रोफेसर अनुज कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय सभी परीक्षा केंद्रों की लगातार निगरानी कर रहा है। उन्होंने कहा कि नकलविहीन, पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा कराना विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अनियमितता के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जा रही है।


 

टैग्स :  CCSU Exam News, CCS University, कक्ष निरीक्षक, नकल, CCTV, ग्रेटर नोएडा, यूएफएम कार्रवाई, मेरठ विश्वविद्यालय परीक्षा

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें


Related News

थाने की जमीन या वक्फ बोर्ड की संपत्ति? मेरठ में मस्जिद को लेकर बढ़ा विवाद
भांग उतारने पहुंचे युवक पेड़ पर अजगर देखकर भागे, मेरठ में एक घंटे चला रेस्क्यू अभियान
मेरठ के मवाना में युवक ने इंस्टाग्राम लाइव के दौरान उठाया खौफनाक कदम, अस्पताल में भर्ती
खेल में पदक जीता है तो पढ़ाई होगी मुफ्त, मेरठ स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ने शुरू किए रजिस्ट्रेशन
धुएं से घिरा गांव, सांस लेने में हुई दिक्कत, मेरठ में फैक्ट्रियों के खिलाफ धरने पर बैठे ग्रामीण
बेरोजगारी, पीडीए और 2027 चुनाव... मेरठ में श्याम लाल पाल ने रखी सपा की रणनीति
17 साल की अनुष्का घर नहीं लौटी... 45 दिन बाद खुला ऐसा राज जिसने मेरठ को हिला दिया
पति के इलाज का झांसा देकर महिला से सामूहिक दुष्कर्म, वीडियो बनाकर 7.70 लाख रुपये की वसूली
घर के बंटवारे का विवाद बना खूनी संघर्ष, भाई पर बलकटी से हमला; बचाने आए बेटे को भी पीटा