UP News: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार रात मची भगदड़ के दौरान 19 लोगों की दर्दनाक मौत के बाद अब उत्तर प्रदेश सरकार भी सतर्क हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के सभी जनपदों में दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए हैं। सीएम अधिकारियों को अग्निशमन व्यवस्था, आपातकालीन निकासी मार्ग, भीड़ प्रबंधन के साथ ही अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच करने के निर्देश दिये है।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि अगर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही मिली तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जनपदों के पुलिस कमिश्नरों, जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण करने को कहा है। अधिकारियों को मौके पर पहुंची पंडालों के अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और कार्यशीलता की जांच करनी होगी। इसके साथ प्रवेश और निकास द्वारों की व्यवस्था का भी निरीक्षण करना होगा जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि आपात स्थिति में मौके पर पहुंचे श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।
मुख्यमंत्री ने पंडालों में रोशनी व्यवस्था के लिए लगाये गये विद्युत कनेक्शनों की भी जांच करने को कहा है ताकि शॉर्ट सर्किट जैसी संभावित घटनाओं से समय रहते बचाव किया जा सके। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में मौजूद रहने और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि यूपी के विभिन्न जनपदों में 21 अक्टूबर तक दुर्गा पूजा महोत्सव आयोजित होंगे।
शहरों और कस्बों में बड़ी संख्या में पूजा पंडाल बनाए गए हैं, जहां दर्शन के साथ मेले और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। इन पंडालों में शाम और रात के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ एकत्रित होती है। ऐसे में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण चुनौती है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद पुलिस और प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। वरिष्ठ अधिकारी दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण कर रहे हैं।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें