दिल्ली के रोहिणी इलाके में सामने आए रोड रेज के एक मामले में रैपिडो बाइक चालक के साथ मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच तेज की और आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, 8 जून 2026 को सेक्टर-18/19 मेट्रो स्टेशन के पास रोड रेज की घटना की सूचना मिली थी। आरोप है कि दो बाइक सवार युवकों और रैपिडो चालक के बीच कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और चालक के साथ मारपीट की गई।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक व्यक्ति दूसरे के सिर पर हेलमेट से वार करता दिखाई देता है। वीडियो में मौजूद युवती ने बताया कि वह एक शूट से लौटकर मेट्रो स्टेशन जा रही थी और उसने बाइक टैक्सी बुक की थी। उसके अनुसार, रास्ते में बाइक टैक्सी की दूसरी मोटरसाइकिल से टक्कर हो गई। युवती का कहना था कि गलती दोनों पक्षों की थी और बातचीत से मामला सुलझाया जा सकता था, लेकिन विवाद बढ़ने के बाद मारपीट शुरू हो गई।
पीड़ित की शिकायत के आधार पर समयपुर बादली थाने में एफआईआर संख्या 488/26 दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और घटना में इस्तेमाल हुई मोटरसाइकिल का पता लगाया। जांच के दौरान पुलिस ने गौरव कुमार और बादल की पहचान की। अधिकारियों के मुताबिक, वीडियो वायरल होने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच के आधार पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों को बीएनएसएस की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी किया है। शिकायतकर्ता ने भी दोनों आरोपियों की पहचान कर ली है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें