मामूली विवाद ने ली जान, फतेहपुर में मानसिक रूप से बीमार युवक की पीट-पीटकर कर दी हत्या

पड़ोसियों के हमले में माता-पिता और भाभी भी घायल, पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज।

 

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां पड़ोसियों द्वारा लाठी-डंडों से पीट-पीटकर एक युवक की हत्या कर दी गई। घटना में मृतक के माता-पिता और भाभी भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

घटना राहिमालन का पुरवा गांव की बताई जा रही है, जहां कुन्नू यादव नामक युवक अपने घर के बाहर बैठा था। पुलिस के अनुसार, युवक मानसिक बीमारी से ग्रसित था और कथित तौर पर पड़ोसियों को गाली दे रहा था। इसी बात को लेकर पड़ोस में रहने वाले कुछ लोग आक्रोशित हो गए और विवाद बढ़ गया।

 

देखते ही देखते मामला हिंसा में बदल गया और कमलेश यादव, मनीष, सचिन और सुरेन्द्र समेत अन्य आरोपियों ने लाठी-डंडों से कुन्नू यादव पर हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर जब उसके माता-पिता और भाभी उसे बचाने पहुंचे, तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे वे भी बुरी तरह घायल हो गए।

 

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के चलते सभी को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान कुन्नू यादव की मृत्यु हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है। हुसैनगंज थाना पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।


 

टैग्स :  फतेहपुर, यूपी क्राइम न्यूज

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें