कासगंज में योग को मिली डिजिटल उड़ान: घर बैठे मिल रहा डीएम सर्टिफाइड ई-प्रमाण पत्र


>उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले ने योग को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक अभिनव और डिजिटल पहल शुरू की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जिले के प्रशासन ने योग प्रतियोगिता ई-प्रमाण पत्र अभियान शुरू किया है, जिसके तहत कोई भी नागरिक घर बैठे योग कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से डीएम द्वारा हस्ताक्षरित ई-प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकता है।


>यह पहल योग सप्ताह के अंतर्गत 19 जून को शुरू की गई थी और मात्र 48 घंटों में 10,000 से अधिक लोगों ने इस मुहिम से जुड़कर ई-प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया है। यह योग को डिजिटल माध्यम से बढ़ावा देने और युवाओं को स्वस्थ जीवन के लिए प्रेरित करने की दिशा में कासगंज की एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।

कैसे मिल रहा है प्रमाण पत्र?


>कोई भी व्यक्ति घर पर योग कर कासगंज प्रशासन की वेबसाइट www.kasganjadmin.in पर जाकर ऑनलाइन घोषणा पत्र भर सकता है। प्रमाण पत्र जिले के जिलाधिकारी मेधा रूपम और मुख्य विकास अधिकारी के हस्ताक्षर से ईमेल के माध्यम से भेजा जाता है, जिससे इसकी प्रामाणिकता और महत्त्व और भी बढ़ जाता है।

योग से जन-जागरूकता की नई लहर


>डीएम मेधा रूपम के अनुसार, “इस डिजिटल अभियान का उद्देश्य युवाओं और आमजन में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और तकनीक के माध्यम से स्वास्थ्य को बढ़ावा देना है।” उन्होंने यह भी बताया कि इस अभियान ने युवाओं में विशेष रुचि पैदा की है, जो सोशल मीडिया पर अपने प्रमाण पत्र साझा कर दूसरों को भी जोड़ रहे हैं।

जनसहभागिता से जन-आंदोलन की ओर


>मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह विजन कि “स्वस्थ नागरिक ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण करता है,” इस पहल के माध्यम से ज़मीनी स्तर पर उतरता दिख रहा है। यह पहल न केवल योग को डिजिटल युग के अनुरूप बना रही है, बल्कि इसे जन-आंदोलन का रूप देने की दिशा में भी एक सशक्त कदम है।


 

टैग्स :  

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें