राजधानी लखनऊ के सैरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब दूध मंडी के सामने रेलवे ट्रैक पर एक 24 वर्षीय युवक का क्षत-विक्षत शव मिला। सुबह घर से रोज की तरह काम पर निकला युवक देर रात मृत अवस्था में मिला तो परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह दर्दनाक हादसा था, आत्महत्या का मामला है या फिर मौत के पीछे कोई और वजह छिपी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान पवन कुमार गौतम (24) पुत्र स्वर्गीय कमलेश कुमार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सीतापुर जिले के बिसवां थाना क्षेत्र के पुरैना गांव का निवासी था। पिछले लगभग एक महीने से वह अपनी मां रामश्री और बड़े भाई सचिन कुमार के साथ सैरपुर क्षेत्र के सरैया गांव में किराए के मकान में रह रहा था।
बताया गया कि सोमवार सुबह पवन रोज की तरह काम पर जाने के लिए घर से निकला था। देर रात करीब 11 बजे परिवार को उसके ट्रेन से कटने की सूचना मिली, जिसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई।
सैरपुर थाना प्रभारी मनोज कोरी ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर पिलर संख्या 15/09 के पास युवक का शव पड़ा मिला। शव के पास मिले आधार कार्ड के जरिए उसकी पहचान की गई और इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके की आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। शुरुआती जांच में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। ऐसे में हादसा, आत्महत्या और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
जांच अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पवन की अचानक हुई मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार का कहना है कि वह रोज की तरह काम पर गया था और किसी को अंदाजा भी नहीं था कि देर रात ऐसी दुखद सूचना मिलेगी।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें