महोबा में दो पक्षों में हिंसक झड़प, कीरत सागर तट पर पथराव में 8 घायल

जुए के विवाद ने लिया हिंसक रूप, 6 माह के मासूम समेत कई लोग घायल।

उत्तर प्रदेश के महोबा में स्थित कीरत सागर तट पर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। इस घटना में 6 माह के मासूम सहित कुल 8 लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

जानकारी के अनुसार, घुमंतू समुदाय के दो पक्षों के बीच जुए के दौरान हुए मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के दौरान नशे की हालत में एक युवक दूसरे पक्ष के घर में घुस गया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।

 

घटना के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते ईंट-पत्थर और बर्तनों से हमला शुरू हो गया। पथराव की वजह से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों व दुकानदारों में दहशत का माहौल बन गया। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

 

सूचना मिलते ही डायल 112 की कई गाड़ियां और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के सामने भी दोनों पक्षों के लोग शांत नहीं हुए, जिसके बाद सख्ती बरतते हुए स्थिति को नियंत्रित किया गया।

 

इस झड़प में दोनों पक्षों के कुल 8 लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक 6 माह का मासूम भी शामिल है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक महिला की हालत गंभीर होने पर उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में संबंधित लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


 

टैग्स :  महोबा

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें