पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में पहचान छिपाकर युवती को प्रेमजाल में फंसाने और कथित धर्मांतरण की कोशिश का मामला सामने आया है। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने मेरठ निवासी आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने युवती को भी सकुशल बरामद कर लिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस के अनुसार, 7 मई को नई मंडी थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी बहन को मेरठ के ब्रह्मपुरी निवासी समीर खान ने अपनी पहचान छिपाकर दोस्ती के जाल में फंसाया। आरोप है कि युवक ने नाम बदलकर युवती से संपर्क किया और बाद में उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपी युवती का धर्म परिवर्तन कर निकाह की तैयारी कर रहा था।
शिकायत मिलने के बाद नई मंडी पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के साथ-साथ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद पुलिस टीमों का गठन कर युवती की तलाश शुरू की गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर युवती को सकुशल बरामद कर लिया और आरोपी समीर खान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बरामद युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। साथ ही उसके बयान दर्ज करने और काउंसलिंग की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
मामले की जानकारी देते हुए सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि महिला अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने और धर्म परिवर्तन के प्रयास जैसी बातें सामने आई हैं। हालांकि पुलिस अब युवती के विस्तृत बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें