Shiva Sharma Death Case: यूपी की राजधानी लखनऊ में कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में लिव इन पार्टनर और मॉडल श्रद्धा दुबे को पुलिस ने नागपुर के होटल से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अब इस केस की आरोपी श्रद्धा दुबे के दो और ऑडियो सामने आए हैं। ऑडियो रिकॉर्डिंग में शिवा शर्मा और श्रद्धा दुबे के बीच बातचीत सुनाई देने का दावा किया जा रहा है। बातचीत के दौरान श्रद्धा शिवा को धमका रही है और साथ ही बदनामी, रिश्ते में दूरी और धमकी भरे शब्दों का जिक्र है। हालांकि एनडीवी टुडे इस ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है।
पहली रिकॉर्डिंग में श्रद्धा दुबे शिवा शर्मा से कहती सुनाई देती हैं कि घूमा-घूमाकर उसने नाम खराब किया है। बातचीत के दौरान वह नाराजगी जाहिर करते हुए कहती हैं कि शिवा ने पूरे शहर में उनके बारे में गलत छवि बनाई। ऑडियो में वह धमकी भरे लहजे में श्रद्धा यह भी कहती हैं कि जिस तरह उन्हें बदनाम किया गया, उसी तरह घुमा-घुमा कर उसे मारेगी। रिकॉर्डिंग में एक अधिकारी का भी जिक्र है। बातचीत के दौरान शिवा की आर्थिक स्थिति और उसकी जानकारी निकाले जाने की बात सामने आती है। श्रद्धा कहती हैं कि शिवा ने कभी साथ नहीं छोड़ने की बात कही थी, लेकिन अब वह उनसे दूरी बना रहा है। बातचीत के दौरान एक तीसरे व्यक्ति की आवाज भी सुनाई देती है।
वहीं दूसरी रिकॉर्डिंग में श्रद्धा दुबे किसी व्यक्ति को फोन कर अपने घर आने के लिए कहती सुनाई देती हैं। वह किसी गंभीर मामले का जिक्र करते हुए कहती हैं कि घर आने पर वह पूरी बात बताएंगी। आॅडियो रिकाॅर्डिंग में शिवा की गाड़ी में घूमने और अपनी बदनामी होने की बात भी कही गई है। ऑडियो में श्रद्धा शिवा को नुकसान पहुंचाने की धमकी देती सुनाई देती हैं। साथ ही, वह अपनी गलती स्वीकार करने जैसी बातें भी कहती हैं। बातचीत के एक हिस्से में श्रद्धा लोगों के बीच बदनामी होने की बात उठाती हैं। वह सवाल करती सुनाई देती हैं कि क्या शिवा को लगता है कि वह उसे माफ कर देंगी। इसके अलावा वह ऋषभ नाम के व्यक्ति का जिक्र करते हुए आरोप लगाती हैं कि शिवा ने काम निकलने के बाद नजरअंदाज करना शुरू कर दिया था।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें