मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कथित तौर पर फर्जी नाम और हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर शिकायत भेजने के मामले में आगरा के लोहामंडी थाने में एक ही परिवार के तीन सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई पीड़ित की ओर से कोर्ट में दिए गए प्रार्थना पत्र पर आदेश मिलने के बाद की गई। पुलिस अब मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ आरोपितों की लिखावट के नमूने फोरेंसिक जांच के लिए भेजने की तैयारी कर रही है।
जयपुर हाउस कॉलोनी निवासी पंडित नवीन शर्मा ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि उनके खिलाफ मुख्यमंत्री कार्यालय में फर्जी नामों से शिकायतें भेजी गईं। कोर्ट के आदेश के बाद लोहामंडी पुलिस ने नवीन कुमार विद्यार्थी, उनके पुत्र प्रफुल्ल कुमार विद्यार्थी और पुत्रवधू अप्रा शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि संबंधित व्यक्तियों के नाम का उपयोग करने के साथ-साथ उनके फर्जी हस्ताक्षर भी बनाए गए और लिखावट को बदलकर शिकायत भेजी गई। इससे पहले 25 जनवरी 2025 को भी कॉलोनी निवासी सुनील पाराशर के नाम से मुख्यमंत्री कार्यालय में शिकायत भेजे जाने का मामला सामने आया था। शिकायत में सुनील कुमार का मोबाइल नंबर भी दर्ज किया गया था। नवीन शर्मा के मुताबिक जब उन्होंने सुनील पाराशर से इस संबंध में बात की तो उन्होंने लिखित रूप से स्पष्ट किया कि शिकायत उनके द्वारा नहीं भेजी गई थी।
नवीन शर्मा ने आरोप लगाया कि उनके पड़ोसी होने के कारण वह नवीन कुमार विद्यार्थी की हस्तलिपि को अच्छी तरह पहचानते हैं। इसके आधार पर उन्होंने 15 अप्रैल को पुलिस आयुक्त और एसीपी लोहामंडी कार्यालय में कार्रवाई की मांग करते हुए प्रार्थना पत्र दिया था। कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।
एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह के अनुसार, बुधवार को लोहामंडी थाने में नवीन कुमार विद्यार्थी, उनके पुत्र प्रफुल्ल कुमार विद्यार्थी और पुत्रवधू अप्रा शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में साक्ष्य संकलन किया जा रहा है और आरोपितों की लिखावट के नमूने लेकर उन्हें फोरेंसिक प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।