आसमान छूते किराए से हवाई यात्रा अब आम आदमी के बजट से हुई बाहर

03 Apr 2026

ईरान और इज़राइल-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के चलते कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित हुई है, जिसका असर अब भारत में हवाई यात्रा पर साफ दिखने लगा है। एटीएफ की कीमतों में वृद्धि के कारण देशभर में फ्लाइट टिकट 30 से 35 प्रतिशत तक महंगे हो गए हैं।

 

हाल ही में घरेलू एयरलाइंस के लिए ATF की कीमतों में करीब 8.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। एयरलाइंस के कुल परिचालन खर्च में ईंधन का हिस्सा 35 से 45 प्रतिशत तक होता है, ऐसे में कीमत बढ़ने का सीधा असर टिकट दरों पर पड़ा है।

 

दिल्ली से प्रमुख रूट्स पर किराए में तेज उछाल देखा गया है। 16 अप्रैल की बुकिंग के अनुसार, दिल्ली से गोवा का न्यूनतम नॉन-स्टॉप किराया ₹8,384 तक पहुंच गया है। IndiGo पर यही टिकट ₹9,038 से ₹11,098 के बीच मिल रहा है, जबकि कुछ सप्ताह पहले यही किराया ₹4,500 से ₹6,000 के बीच था। दिल्ली से बेंगलुरु का किराया ₹12,596 तक पहुंच चुका है और अगले दिन की बुकिंग पर यह ₹15,000 से ₹17,000 तक जा रहा है।

 

जयपुर से भी कई रूट्स पर किराए में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जयपुर-बेंगलुरु रूट पर न्यूनतम किराया ₹11,568 से लेकर ₹24,129 तक पहुंच गया है। जयपुर-अहमदाबाद ₹7,036 से ₹12,443 के बीच और जयपुर-मुंबई ₹6,305 से ₹13,481 तक हो गया है। जयपुर-गोवा रूट पर किराया ₹13,128 से शुरू होकर मांग के अनुसार लगातार बढ़ रहा है।

 

रांची और नागपुर जैसे शहरों के यात्रियों को भी महंगे किराए का सामना करना पड़ रहा है। रांची से दिल्ली का किराया ₹12,000 से ₹15,000 तक पहुंच गया है, जबकि पहले यह ₹8,000-₹10,000 था। नागपुर से दिल्ली का किराया एक दिन में ₹10,228 से बढ़कर ₹13,495 हो गया, जो कुछ सप्ताह पहले ₹5,500-₹6,000 था।

 

अन्य रूट्स पर भी स्थिति समान है। चंडीगढ़ से बेंगलुरु का किराया ₹12,000 से बढ़कर ₹16,000 हो गया है। चेन्नई से हैदराबाद का टिकट ₹6,000 से बढ़कर ₹19,000 तक बिक रहा है, जबकि कोच्चि का किराया ₹4,000 से बढ़कर ₹18,000 तक पहुंच गया है।

 

एयरलाइंस कंपनियों ने भी बढ़ी लागत को देखते हुए फ्यूल सरचार्ज लागू किया है। IndiGo ने 14 मार्च से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय टिकटों पर ₹425 से ₹2,300 तक का सरचार्ज लगाया है। Air India और Air India Express ने 12 मार्च से घरेलू उड़ानों पर ₹399 का सरचार्ज लागू किया। वहीं Akasa Air ने 15 मार्च से अतिरिक्त शुल्क जोड़ा है।

 

2 अप्रैल से लागू नए सरचार्ज ढांचे के तहत घरेलू उड़ानों पर दूरी के अनुसार ₹275 से ₹950 तक अतिरिक्त शुल्क लिया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में यह शुल्क और अधिक है खाड़ी और मिडिल ईस्ट रूट्स पर ₹3,000 से ₹5,000 तथा यूरोप-यूके के लिए ₹10,000 तक का फ्यूल सरचार्ज वसूला जा रहा है।

 

सरकार ने घरेलू एयरलाइंस को आंशिक राहत दी है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है। कच्चे तेल की आपूर्ति सामान्य होने तक किराए में राहत की संभावना कम बताई जा रही है।