CJP Protest: पुलिस जहां रोके, वहीं पर..., CJP की कमान संभालते ही आजिंक्य शिंदे के तेवर सख्त

10 Oct 2026

CJP Protest: कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख नेताओं अभिजीत दीपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका को हिरासत में लिए जाने के बाद अब सीजेपी के राष्ट्रीय संगठन प्रभारी आजिंक्य शिंदे ने कमान संभाल ली है। उन्होंने वीडियो जारी कर समर्थकों और देशवासियों से जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस उन्हें रास्ते में रोकती है, तो वे जहां हैं, वहीं अपना जंतर-मंतर बना लें।  

आजिंक्य शिंदे ने अपने संदेश में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन में शामिल होने दिल्ली आ रहे लोगों को रोका गया और कई लोगों को हिरासत में लिया गया। शिंदे ने दावा किया कि परिवहन सेवाओं पर लगी पाबंदियों का उद्देश्य प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर पहुंचने से रोकना था। हालांकि इन आरोपों पर संबंधित पक्षों का आधिकारिक पक्ष सामने आना जरूरी है।

अभिजीत दीपके ने पहले ही रिकॉर्ड कर लिया था वीडियो
सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि हिरासत में लिए जाने की आशंका के चलते उन्होंने वीडियो रिकॉर्ड कर लिया था। उन्होंने कहा कि यदि समर्थक यह वीडियो देख रहे हैं, तो संभव है कि उन्हें, आशुतोष रांका और सौरभ दास को हिरासत में ले लिया गया हो। ऐसी स्थिति में उन्होंने आजिंक्य शिंदे के नेतृत्व में आंदोलन जारी रखने की अपील की थी। सीजेपी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने तीनों नेताओं को दिल्ली पहुंचने के बाद विमान के अंदर से हिरासत में लिया। पार्टी मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन करने की योजना बना रही थी।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को भी दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में ले लिया। वह मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर जा रहे थे। आप की वरिष्ठ नेता आतिशी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर इस कार्रवाई की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करने पर केजरीवाल को हिरासत में लिया गया।