अंबेडकरनगर के अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर दो यात्रियों के बीच हुई मारपीट

29 Jun 2026

अम्बेडकरनगर। अकबरपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर सोमवार को दो यात्रियों के बीच हुए विवाद ने कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति पैदा कर दी। किसी बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। सूचना मिलने पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप कर स्थिति को सामान्य कराया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद में शामिल एक युवक की पहचान अंकित पटेल, निवासी पदुमपुर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई। वह साबरमती एक्सप्रेस से लखनऊ जाने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचा था। वहीं दूसरा युवक अंकित, निवासी गोसाईगंज, जनपद अयोध्या, बरेली जाने के लिए स्टेशन पर मौजूद था।

यह खबर भी पढ़े - अंबेडकरनगर में भामाशाह जयंती पर व्यापारी कल्याण दिवस, व्यापारियों के हितों पर हुई चर्चा

बताया गया कि दोनों यात्रियों के बीच किसी बात को लेकर पहले बहस शुरू हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों ने घटना की सूचना तत्काल जीआरपी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर विवाद शांत कराया।

जीआरपी थानाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा ने दोनों युवकों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि विवाद किसी आपसी कहासुनी के कारण हुआ था। पुलिस ने दोनों को समझा-बुझाकर भविष्य में इस प्रकार की घटना दोबारा न करने की हिदायत दी।

इसके बाद दोनों यात्रियों को उनके निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। घटना के दौरान स्टेशन पर कुछ देर के लिए हलचल रही, हालांकि पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हो गई।

जीआरपी की त्वरित कार्रवाई के चलते विवाद अधिक नहीं बढ़ सका और स्टेशन पर रेल परिचालन सामान्य बना रहा। पुलिस ने यात्रियों से सार्वजनिक स्थानों पर संयम बनाए रखने और किसी भी विवाद की स्थिति में कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है.