>उत्तर प्रदेश की राजनीति में सियासी तकरार लगातार तेज हो रही है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर बनी फिल्म को लेकर कड़ा तंज कसा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश ने कहा कि “ये मूवी तो फ्लॉप होने से पहले ही फ्लॉप हो गई है। इसमें डायलॉग असली हैं या बीप से भरे पड़े हैं? कार पलटने और बुलडोजर स्टंट का सीन है या नहीं?”
>अखिलेश ने सवाल उठाया कि क्या फिल्म में मुकदमा पलटने वाला सीक्वेंस है, आपसी लड़ाई का क्लाइमेक्स है, या डिप्टी सीएम से जुड़े पर्दे के पीछे के डायलॉग भी शामिल हैं? उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि असलियत जनता जानती है और फिल्मी स्क्रिप्ट से हकीकत नहीं बदली जा सकती।
>एसआईआर केस पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को समझा रही है और उन्हें उम्मीद है कि कार्यकर्ता सहयोग करेंगे। विदेश नीति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि एच-1बी वीज़ा नहीं मिल रहा है। “ये सरकार चाहती है कि न युवा पढ़ने जाएं, न काम करने विदेश जाएं, बस गोली चलाएं और रूस की आर्मी में भर्ती हो जाएं।”
>बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर पर हुई फायरिंग के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर 20 हजार एनकाउंटर सचमुच कानून-व्यवस्था सुधारते, तो अपराधी खुलेआम शहरों में घूमते नजर क्यों आते? गोरखपुर की घटना पर अखिलेश ने कहा कि यह पहली बार नहीं है, पहले भी वहां तस्करी और अपराध होते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रोज गोरखपुर जाते हैं, फिर भी वहां अपराध कम नहीं हुए। “एनकाउंटर महज दिखावा है, सब कुछ स्क्रिप्ट के हिसाब से चल रहा है।”