अखिलेश यादव का BJP पर हमला: SIR प्रक्रिया को लेकर लगाए गंभीर आरोप

28 Nov 2025

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण भियान को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों को कमज़ोर करने वाली बड़ी साज़िश है।

अखिलेश यादव ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर SIR प्रक्रिया से जुड़ा 20 सेकंड का वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि इस अभियान के जरिए मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं। उन्होंने लिखा कि “आज वोट काटा जा रहा है, कल खेत-ज़मीन-मकान-राशन-जाति-आरक्षण और फिर खातों व लॉकर तक बात पहुंच जाएगी।”

सपा अध्यक्ष ने कहा कि यह देशवासियों के खिलाफ एक “गंभीर साज़िश” है, जो लोकतांत्रिक ढांचे को कमजोर कर सकती है। उन्होंने विपक्षी दलों के साथ ही राजग के सहयोगियों से भी अपील की कि वे एकजुट होकर इस प्रक्रिया का विरोध करें।

उन्होंने आरोप लगाया कि “जो दल बीजेपी को सहयोगी मान रहे हैं, सबसे पहले बीजेपी उन्हीं का खात्मा करेगी।” यादव ने नागरिकों से SIR अभियान में किसी भी तरह की अनियमितता पर सतर्क रहने की अपील की।

अखिलेश यादव ने कहा कि SIR प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को रोकने के लिए सभी नागरिकों और राजनीतिक दलों को सतर्क रहना चाहिए और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होना चाहिए।