प्रतीक यादव की मौत पर अखिलेश यादव का बड़ा बयान, बोले- कुछ दिन पहले ही...

13 May 2026

 

अखिलेश यादव ने अपने छोटे भाई प्रतीक यादव के निधन पर गहरा दुख जताया है। लखनऊ स्थित केजीएमयू में पोस्टमार्टम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि कुछ दिन पहले ही उनकी प्रतीक से मुलाकात हुई थी और उन्होंने उन्हें स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी थी।

 

सपा प्रमुख ने कहा कि प्रतीक यादव जीवन में आगे बढ़कर अपनी मेहनत से कुछ करना चाहते थे। उन्होंने कहा कि यह परिवार के लिए बेहद दुखद क्षण है और अब आगे जो भी कानूनी प्रक्रिया होगी, परिवार उसी के अनुरूप निर्णय लेगा। अखिलेश यादव ने कहा, बहुत दुख है कि वह आज हमारे बीच नहीं हैं। स्वाभाविक है कि जो कानून कहता है और परिवार के लोग जो निर्णय करेंगे, उसी हिसाब से हम लोग बात को मानेंगे।

 

उन्होंने बताया कि हाल ही में प्रतीक यादव से मुलाकात के दौरान उन्होंने उनसे अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने और कारोबार को आगे बढ़ाने की बात कही थी। अखिलेश यादव ने कहा कि कभी-कभी आर्थिक संकट या व्यापार में नुकसान की वजह से प्रतीक मानसिक रूप से परेशान हो जाते थे।

 

VIDEO | Lucknow, Uttar Pradesh: Samajwadi Party Chief Akhilesh Yadav visited the Post Mortem House at KGMU, where Prateek Yadav’s body has been kept for post-mortem examination.

He says, “I always told him to take care of his health and continue to work towards progress of his… pic.twitter.com/z5y1913YMY

— Press Trust of India (@PTI_News) May 13, 2026

 

सपा प्रमुख ने अपने भाई को याद करते हुए कहा कि प्रतीक बहुत अच्छे स्वभाव के व्यक्ति थे और बचपन से ही अपनी सेहत को लेकर सजग रहते थे। उन्होंने कहा कि प्रतीक अपने दम पर जीवन में आगे बढ़ना चाहते थे और मेहनत के जरिए पहचान बनाना चाहते थे। अखिलेश यादव ने कहा, बहुत अच्छा लड़का था प्रतीक। वह अपनी मेहनत से कुछ करना चाहता था। यह बहुत दुख की बात है कि आज वह हमारे बीच नहीं है।

 

प्रतीक यादव समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के पुत्र और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति थे। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिवार द्वारा अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं।