>समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तराखंड सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा है कि राज्य अपने 25 वर्ष पूरे करने जा रहा है, लेकिन विकास के नाम पर विनाश को बढ़ावा दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने उत्तराखंड को भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला बना दिया है, जहां प्राकृतिक संसाधनों की खुली लूट और मनमानी हो रही है।
>अखिलेश यादव ने कहा कि पहाड़ी राज्य में बिना विशेषज्ञ सलाह और व्यापक सर्वेक्षण के परियोजनाएं लागू की जा रही हैं, जिससे पर्यावरणीय संतुलन बिगड़ा है और आपदाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा, विज्ञापनों और बयानों पर चल रही सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी है। विकास के नाम पर जंगलों की कटाई, अवैध खनन और कंक्रीट का जंगल तैयार किया जा रहा है।
>अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तराखंड के गठन की पहल मुलायम सिंह यादव ने की थी। उन्होंने जनमत संग्रह कराया और यूपी विधानसभा में प्रस्ताव पास कर इसे अलग राज्य बनने का रास्ता साफ किया था। लेकिन, उनके अनुसार, 25 साल बाद भी लोग अपेक्षित बदलाव और विकास से वंचित हैं।
>अखिलेश यादव के अनुसार उत्तराखंड में बेरोजगारी चरम पर है और युवा पलायन को मजबूर है, उत्तराखंड में 1796 गांव खाली मानव विहीन हो गए, राज्य में स्वास्थ्य व शिक्षा व्यवस्था खराब है उद्योगों के अवसर नहीं है अखिलेश यादव ने कहा की तीर्थाटन को पर्यटन का नया रूप देकर उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। जनता अभी भी बुनियादी सुविधाओं से जूझ रही है।
>सपा प्रमुख ने कहा कि राज्य को अब नई सोच और समग्र विकास दृष्टि की जरूरत है। उन्होंने प्रार्थना की कि उत्तराखंडवासियों को आने वाले वर्षों में वह प्रगति मिले जिसकी कल्पना राज्य गठन के समय की गई थी।