अखिलेश यादव ने किया भाजपा पर हमला, बोले- क्या विभागों की पर्ची भी ऊपर से आएगी?

15 May 2026

 

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्रियों के विभागों के बंटवारे में हो रही देरी को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि मंत्रालयों और विभागों के बंटवारे में हो रही देरी की असली वजह कमीशन-कमाई के बंटवारे को लेकर डबल इंजन सरकार के भीतर टकराव है। उन्होंने कहा कि लंबे इंतजार के बाद मंत्री बनाए गए नए मंत्री केवल दर्शक दीर्घा में बैठे हुए हैं और फैसलों का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार बाकी मंत्रियों को डब्बा कर देती है। उन्होंने भाजपा पर तंज करते हुए आगे कहा की उन्होंने कहा कि मंत्रियों के नाम तय होने के बाद अब क्या उनके विभागों की पर्ची भी ऊपर से आएगी।

 

सपा प्रमुख ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब नए मंत्रियों को मिलने वाले मंत्रालयों और विभागों पर पैनी निगाह रखेगी। उन्होंने दावा किया कि जनता की ओर से विभागों के कामकाज से जुड़े कागजी दस्तावेजों के साथ-साथ ऑडियो और वीडियो सबूत भी एकत्र किए जाएंगे। उनके अनुसार इन माध्यमों से भाजपा नेताओं के कथित भ्रष्टाचार को उजागर किया जाएगा।

 

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार रोकने वाले विभागों को भाजपा सरकार ने कमजोर कर दिया है, जिसके कारण जनता अब सोशल मीडिया और सिटिजन जर्नलिज्म के जरिए जवाबदेही तय करने की उम्मीद कर रही है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार यह मानकर काम कर रही है कि यह उसका सत्ता में आखिरी कार्यकाल है, इसलिए बड़े स्तर पर धन संग्रह की कोशिश की जा रही है।