छात्रा की चीखों से गूंजा कॉलेज, खून से लथपथ एनसीसी रूम से मिली बेहोश

15 Jul 2025


>अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में एक छात्रा के साथ कॉलेज परिसर में हुई सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। बीएससी थर्ड ईयर की छात्रा सपना टीकाराम कॉलेज के एनसीसी रूम में गंभीर रूप से घायल हालत में पाई गई, उसके हाथ की नसें कटी थीं और शरीर पर गुम चोटों के कई निशान मिले हैं। छात्रा ने हमले की सूचना खुद फोन पर भाई को दी, जिसके बाद कॉलेज में हड़कंप मच गया।


>"भैया मुझे बचा लो" — सपना की आखिरी चेतना की पुकार


>सोमवार सुबह 7:09 बजे सपना को उसके घर वालों ने कॉलेज छोड़ा था। लगभग आधे घंटे बाद उसने अपने भाई को फोन कर कहा – "मुझे बचा लो!" इस कॉल के बाद सपना का फोन बंद हो गया। परिजन दौड़कर कॉलेज पहुँचे और कॉलेज स्टाफ को सूचित किया। खोजबीन के बाद सपना एनसीसी डिपार्टमेंट के भीतर खून से लथपथ और बेहोशी की हालत में मिली। आनन-फानन में उसे जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।


>अस्पताल में छात्रा ने बताई आपबीती


>थोड़ा होश आने पर सपना ने बताया कि जैसे ही वह कॉलेज पहुंची और एनसीसी रूम में बैठी, तभी दो अज्ञात युवकों ने उस पर हमला कर दिया। उसके अनुसार युवकों ने जान से मारने की कोशिश की और चाकू से हाथ की नसें काट डालीं। इसके बाद वह बेहोश हो गई और होश में आने पर जैसे-तैसे भाई को कॉल कर पाई।


>परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप


>छात्रा के परिवार ने दो युवकों पर साजिशन हमला करने और जान लेने की नीयत से हाथ की नस काटने का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार यह हमला पूर्व नियोजित था और कॉलेज परिसर में सुरक्षा की भारी चूक का नतीजा है।


>पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच जारी


>सिविल लाइन क्षेत्राधिकारी तृतीय सरवन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है, ताकि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके।