सीएम योगी ने अलीगढ़ में बजाया विकास का नगाड़ा

05 Aug 2025


>रक्षाबंधन से पहले उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभूतपूर्व तोहफा दिया। 958 करोड़ रुपये की 186 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए मुख्यमंत्री ने जनता से ‘स्वदेशी अपनाओ, भारत बनाओ’ का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वदेशी उत्पादों को त्योहारों में उपहार के रूप में देने की अपील कर आत्मनिर्भर भारत की ओर एक निर्णायक कदम बढ़ाया।


>मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि हमारा पैसा हमारे कारीगरों और शिल्पकारों के पास जाएगा, तभी विकास संभव होगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विदेशी उत्पादों की खरीद से मुनाफा उन हाथों में जाता है जो देश में आतंकवाद, धर्मांतरण और अशांति फैलाने का कार्य करते हैं। इसलिए त्योहारों पर स्वदेशी उपहार देने की परंपरा अपनाना समय की मांग है। सीएम योगी ने अलीगढ़ को पेयजल योजनाओं, विधि विज्ञान प्रयोगशाला, अतरौली डिग्री कॉलेज, जलाशय और सड़कों के चौड़ीकरण जैसी बड़ी योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने कहा कि ये योजनाएं अलीगढ़ को उत्तर प्रदेश का एक नया पहचान केंद्र बनाएंगी।


>मुख्यमंत्री ने पूर्व सीएम कल्याण सिंह को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अलीगढ़ के विकास की नींव रखी, जिसे अब तेज़ गति से आगे बढ़ाया जा रहा है। राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय भी जल्द जनता को समर्पित किया जाएगा, जो अलीगढ़ को शिक्षा का हब बनाएगा। सीएम योगी ने कहा कि डिफेंस कॉरिडोर के चलते अलीगढ़ में ब्रह्मोस मिसाइल और ड्रोन जैसे अत्याधुनिक हथियार बन रहे हैं, जो न केवल भारत की सैन्य ताकत को बढ़ाते हैं बल्कि अलीगढ़ के युवाओं को रोजगार के नए अवसर भी प्रदान करते हैं। अलीगढ़ का ताला उद्योग, मुरादाबाद की पीतल शिल्पकला, भदोही की कालीन और मेरठ की खेल सामग्री  ये सभी ओडीओपी उत्पाद स्थानीय कारीगरों की मेहनत और भारत की आत्मा का प्रतीक हैं। सीएम योगी ने इन उद्योगों को अपनाने और प्रचारित करने की अपील करते हुए कहा कि ‘लोकल को ग्लोबल बनाना ही सच्चा राष्ट्रभक्ति है।’


>सीएम योगी ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन आंदोलन बनाने की अपील की। 13 से 15 अगस्त के बीच हर घर, दुकान और संस्थान में तिरंगा फहराने और शहीदों को श्रद्धांजलि देने का आग्रह किया। साथ ही, उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने और स्वच्छता को दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।
सीएम योगी ने बताया कि 2017 से पहले अलीगढ़ और उत्तर प्रदेश दंगों और अराजकता के लिए जाना जाता था। लेकिन डबल इंजन सरकार की कानून व्यवस्था और निवेश नीति ने हालात पूरी तरह बदल दिए हैं। अलीगढ़ से 1,344 युवाओं का पुलिस में चयन इसका प्रमाण है। जल्द ही यूपी पुलिस में 30,000 नई भर्तियां होंगी। सीएम योगी ने रक्षाबंधन पर महिलाओं को फ्री बस यात्रा की सुविधा की घोषणा की और महिलाओं से आग्रह किया कि वे इस अवसर पर अपने प्रियजनों को स्वदेशी उत्पादों को उपहार में देकर इस मुहिम का हिस्सा बनें।

इस समारोह में मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को चेक, टैबलेट, पोषण किट, आवास की चाबियाँ, और आयुष्मान कार्ड वितरित किए। इस दौरान कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।