1250 धार्मिक पुस्तकें और चर्च से जुड़े दस्तावेज बरामद, अम्बेडकरनगर में दो आरोपी गिरफ्तार

02 Aug 2026

उत्तर प्रदेश के अम्बेडकरनगर जिले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से ईसाई धर्म से संबंधित बड़ी संख्या में धार्मिक पुस्तकें, चर्च से जुड़े रजिस्टर, सदस्यता फॉर्म, रसीदें और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। बरामद सामग्री के आधार पर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नेबूलाल पुत्र हंसू तथा अंजीत कुमार पुत्र नेबूलाल के रूप में हुई है। दोनों आरोपी थाना बसखारी क्षेत्र के ग्राम पटना मुबारकपुर के निवासी हैं।

यह खबर भी पढ़े - सावन में रेलवे स्टेशन पर बढ़ाई गई चौकसी, अकबरपुर स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था पर अफसरों की विशेष नजर

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 10 गत्तों में रखी ईसाई धर्म से संबंधित कुल 1250 धार्मिक पुस्तकें बरामद की गई हैं। इसके अलावा चर्च सामग्री से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। इनमें प्रार्थना रजिस्टर, चर्च रजिस्टर, सदस्यता फॉर्म, रसीदें और अन्य अभिलेख शामिल हैं। बरामद सामग्री को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जब्त किए गए रजिस्टरों और अन्य दस्तावेजों का परीक्षण किया जाएगा। जांच के दौरान यह भी देखा जाएगा कि बरामद सामग्री का उपयोग किस उद्देश्य से किया जा रहा था और उससे जुड़े अन्य तथ्यों का सत्यापन किया जाएगा।

अकबरपुर कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि बरामदगी के आधार पर मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।