Ambedkar Nagar News: विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर नुक्कड़ नाटक से किया जागरूक

10 Oct 2026

Ambedkar Nagar News: विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर आशीर्वाद फाउंडेशन की ओर से जनपद में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जिला अस्पताल एवं आशीर्वाद मेडिकल सेंटर में नंदा आर्टिस्ट ग्रुप द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। कलाकारों ने नाटक के माध्यम से संदेश दिया कि मानसिक बीमारी भी अन्य बीमारियों की तरह एक स्वास्थ्य समस्या है, जिसका समय पर उपचार संभव है।

कार्यक्रम के दौरान मनोचिकित्सक डॉ. जेके वर्मा ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, मानसिक बीमारियों के लक्षणों की पहचान और समय पर उचित उपचार की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज करने के बजाय समय रहते विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से संदेश दिया गया कि मानसिक रोगों से ग्रसित व्यक्तियों के साथ भेदभाव करने के बजाय उन्हें समझने, सहयोग देने और उपचार के लिए प्रोत्साहित करने की जरूरत है। जागरूकता ही मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने और समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।

जिला अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पी.एन. यादव तथा विशिष्ट अतिथि क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. फौजिया शरीफ उपस्थित रहीं। प्रबंधक श्री हर्षित गुप्ता के कुशल प्रबंधन में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मरीज, तीमारदार, नर्सिंग छात्र-छात्राएं एवं स्वास्थ्य कर्मचारी शामिल हुए।

उल्लेखनीय है कि डॉ. जे. के. वर्मा के नेतृत्व में पिछले एक सप्ताह से जनपद के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर लगातार मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील बनाना, समय पर उपचार के लिए प्रेरित करना और मानसिक रोगों से जुड़े सामाजिक कलंक को समाप्त करना है।