प्रशासन ने बंद कराए थे 23 रास्ते, लेकिन लोगों ने फिर बना लिए शॉर्टकट... अब बढ़ रहा हादसों का खतरा

03 Jul 2026

अम्बेडकरनगर। कुछ महीने पहले प्रशासन ने सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया था। अयोध्या से अकबरपुर होते हुए बसखारी तक बने फोरलेन मार्ग पर ऐसे दर्जनों अवैध कट बंद कराए गए थे, जिनकी वजह से लगातार दुर्घटनाएं हो रही थीं। कुछ समय तक हालात सामान्य भी रहे, लेकिन अब तस्वीर फिर बदलती नजर आ रही है। जिन रास्तों को सुरक्षा कारणों से बंद किया गया था, वे कई जगह दोबारा खुल चुके हैं और इन्हीं रास्तों से वाहन बेधड़क मुख्य सड़क पर चढ़ रहे हैं।

स्थानीय स्तर पर स्थिति यह है कि लोगों ने अपने आवागमन को आसान बनाने के लिए कई स्थानों पर फिर से शॉर्टकट तैयार कर लिए हैं। इसका असर सीधे सड़क सुरक्षा पर दिखाई देने लगा है। तेज रफ्तार फोरलेन पर अचानक वाहनों के आने से दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है।

यह खबर भी पढ़े - अम्बेडकरनगर: सड़क पर खड़ी मशीन बनी जानलेवा, 19 वर्षीय युवक की बाइक टकराई, मौके पर मौत

अयोध्या से बसखारी तक हाल ही में तैयार हुए फोरलेन मार्ग पर निर्माण के बाद कई स्थानों पर लोगों ने अनधिकृत तरीके से कट बना लिए थे। इन कटों के जरिए दोपहिया और चारपहिया वाहन सीधे मुख्य सड़क पर प्रवेश करने लगे थे, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होने लगीं।

लगातार बढ़ते हादसों को देखते हुए तत्कालीन जिलाधिकारी के निर्देश पर करीब दो माह पहले अकबरपुर से बसखारी के बीच बने लगभग 23 अवैध कट बंद करा दिए गए थे। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद कुछ समय तक दुर्घटनाओं में कमी भी दर्ज की गई।

प्रशासन की कार्रवाई के बावजूद अब करीब आधा दर्जन स्थानों पर दोबारा अवैध कट खोल दिए गए हैं। यही वजह है कि सड़क सुरक्षा को लेकर फिर चिंता बढ़ गई है। तेज रफ्तार से गुजर रहे वाहनों के बीच अचानक किसी वाहन का मुख्य मार्ग पर आ जाना न केवल चालक बल्कि अन्य यात्रियों के लिए भी जोखिम पैदा कर रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई वाहन चालक समय बचाने के लिए अधिकृत यू-टर्न तक जाने के बजाय सीधे इन अवैध रास्तों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे फोरलेन पर यातायात की गति और सुरक्षा दोनों प्रभावित हो रही हैं।

अयोध्या मार्ग पर इन रास्तों की ग्राउंड पर हकीकत  की पड़ताल करने के दौरान तीन स्थानों पर दोपहिया वाहन चालक अवैध कट के जरिए सड़क पार करते दिखाई दिए। इसी प्रकार कुर्की बाजार और बरियावन के पास भी कई लोग अपने गांव तक पहुंचने के लिए इन्हीं रास्तों का उपयोग करते मिले।

फोरलेन पर इन स्थानों पर किसी प्रकार का अधिकृत क्रॉसिंग प्वाइंट नहीं है, इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर आवाजाही जारी है। इससे अचानक सड़क पर वाहनों के आने की स्थिति बन रही है।

अयोध्या से अकबरपुर होते हुए बसखारी तक बना यह फोरलेन मार्ग पूर्वांचल के महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों में शामिल है। अकबरपुर से बसखारी तक इसकी लंबाई लगभग 44 किलोमीटर है। इनमें करीब 25 किलोमीटर सड़क का निर्माण प्रांतीय खंड और लगभग 19 किलोमीटर सड़क का निर्माण निर्माण खंड द्वारा कराया गया है। आगे यह मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग-233 से जुड़कर आजमगढ़ की दिशा में यातायात को जोड़ता है।

यातायात विभाग के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा के लिए प्रत्येक माह बैठक आयोजित की जाती है और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश भी दिए जाते हैं। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को ब्लैक स्पॉट के रूप में भी चिन्हित किया गया है।

विभागीय आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2025 में जनवरी से मई के बीच सड़क दुर्घटनाओं में 111 लोगों की मौत हुई थी। वहीं वर्ष 2026 की इसी अवधि में यह संख्या घटकर 99 रह गई। हालांकि अधिकारियों का मानना है कि दुर्घटनाओं में और कमी लाने के लिए सड़क सुरक्षा मानकों का पालन और अनधिकृत कटों पर प्रभावी नियंत्रण आवश्यक है।

फोरलेन का इस्तेमाल तेज, सुरक्षित और सुगम यातायात के लिए किया जाता है। लेकिन यदि अधिकृत यू-टर्न और निर्धारित क्रॉसिंग के बजाय अनधिकृत रास्तों का इस्तेमाल बढ़ता है, तो सड़क की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होती है। ऐसे में दो माह पहले की गई प्रशासनिक कार्रवाई के बाद दोबारा खुले अवैध कट अब संबंधित विभागों के लिए नई चुनौती बन गए हैं।