नाटक, गीत और भाषण के जरिए बच्चों ने सिखाया संचारी रोगों से बचाव, कार्यक्रम ने खींचा सबका ध्यान

11 Jul 2026

अम्बेडकरनगर। संचारी रोगों की रोकथाम और लोगों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शिक्षा क्षेत्र कटेहरी के कम्पोजिट विद्यालय भगौला में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि छात्र-छात्राओं ने नाटक, गीत, भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वच्छता और संचारी रोगों से बचाव का संदेश प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बताया कि नियमित साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल का उपयोग, आसपास जलभराव न होने देना और मच्छरों की रोकथाम जैसे छोटे-छोटे उपाय अपनाकर कई संचारी रोगों से बचा जा सकता है। उनकी प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने सराहा और बच्चों के प्रयासों की प्रशंसा की।

यह खबर भी पढ़े - पेट्रोल भरवाने जाते हैं तो यह खबर जरूर पढ़िए... अम्बेडकरनगर के ज्यादातर पेट्रोल पंपों पर यात्रियों के अधिकार अधूरे, पड़ताल में खुली कई कमियां

कार्यक्रम में मौजूद मुख्य अतिथियों ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपने घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने तथा मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए जलभराव न होने देने की अपील की। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत स्वच्छता और सामुदायिक सहयोग के माध्यम से संचारी रोगों के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

यह खबर भी पढ़े - बारिश शुरू होते ही खुल गई सड़कों की पोल... अम्बेडकरनगर में जगह-जगह गड्ढे, स्कूल जाने वाले बच्चों से लेकर बाइक सवार तक परेशान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी कटेहरी प्रिया पाठक ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं हैं, बल्कि सामाजिक जागरूकता फैलाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि यदि बच्चों को स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़ी सही जानकारी दी जाए तो वह अपने परिवार और आसपास के लोगों तक भी यह संदेश पहुंचाते हैं। उनके अनुसार विद्यालय स्तर पर इस तरह के कार्यक्रम समाज में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कटेहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. अकुश वर्मा ने कार्यक्रम में संचारी रोगों के प्रमुख लक्षण, बचाव के उपाय और समय पर उपचार की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने लोगों से स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित जागरूकता अभियानों में सहयोग करने और किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर समय रहते चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।

कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों, अभिभावकों और अन्य अतिथियों ने छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम के अंत में संचारी रोगों के प्रति जनजागरूकता अभियान को आगे भी लगातार जारी रखने का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी कटेहरी प्रिया पाठक, कटेहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. अकुश वर्मा, शिक्षकगण, अभिभावक और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।