उत्तर प्रदेश के अम्बेडकरनगर जिले में पुलिस ने अंतरजनपदीय चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा किया है। संयुक्त पुलिस टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 10.80 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, 1,40,620 रुपये नकद, चोरी में इस्तेमाल की गई एक कार और सेंधमारी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई थाना जैतपुर, मालीपुर, विशेष अभियान दल, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में की गई। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को अम्बरपुर से सेहरी जाने वाले मार्ग पर स्थित नटौलिया मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले ऐसे गांवों की पहचान करते थे जहां संपन्न परिवार रहते हों और घर अपेक्षाकृत सुनसान इलाके में स्थित हों। इसके बाद रात के समय वे घरों की खिड़कियों की जालियां काटकर या दरवाजों के ताले तोड़कर भीतर प्रवेश करते और सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी लेकर फरार हो जाते थे। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने विशेष रूप से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के आसपास स्थित गांवों को निशाना बनाया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीतापुर जिले के तंबौर खास निवासी मो. कलीम तथा हसीब के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया है।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 61 ग्राम सोना, 960 ग्राम चांदी, 1.40 लाख रुपये से अधिक नकद, एक स्विफ्ट डिजायर कार, तार काटने वाला उपकरण, पेचकस और अन्य सेंधमारी के औजार बरामद किए हैं। बरामद आभूषणों में पायल, अंगूठियां, चैन, बिछिया, मांगटीका, झुमके, नथ, टॉप्स, लॉकेट सहित कई अन्य जेवर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी मो. कलीम के खिलाफ अम्बेडकरनगर, अयोध्या, आजमगढ़ और गाजीपुर के विभिन्न थानों में चोरी और गृहभेदन के 22 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी हसीब के खिलाफ भी जैतपुर थाने में दो आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य संभावित सदस्यों, चोरी की अन्य घटनाओं और बरामद सामान के संबंध में आगे की जांच की जा रही है। साथ ही बरामद आभूषणों का मिलान दर्ज चोरी के मामलों से कराया जा रहा है।