गांव-गांव से हटने लगा प्लास्टिक का पहाड़, एक दिन में 9 ब्लॉकों से जुटा टनों कचरा; अब हर शनिवार चलेगा अभियान

18 Jul 2026

अम्बेडकरनगर जिले में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रशासन ने बड़ा अभियान शुरू किया है। जिले के सभी 9 विकास खंडों में चलाए गए विशेष प्लास्टिक एकत्रीकरण अभियान के दौरान गांवों और बाजार क्षेत्रों से बड़ी मात्रा में प्लास्टिक कचरा एकत्र कर उसके वैज्ञानिक निस्तारण की प्रक्रिया शुरू की गई। प्रशासन का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य प्लास्टिक प्रदूषण को कम करना और ग्रामीण क्षेत्रों को स्वच्छ बनाए रखना है।

जिला पंचायत राज विभाग की ओर से चलाए गए इस अभियान के तहत बसखारी, भीटी, कटेहरी, जलालपुर, टांडा, रामनगर, जहांगीरगंज, भियांव और अकबरपुर विकास खंडों की ग्राम पंचायतों एवं बाजार क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान सफाई कर्मियों और पंचायत कर्मचारियों ने प्लास्टिक कचरे को अलग-अलग एकत्र कर उसके सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की।

यह खबर भी पढ़े - ड्यूटी पर नहीं पहुंचे मारुति एजेंसी के सीनियर टीम लीडर, कमरे का दरवाजा खुला तो सामने था दिल दहला देने वाला मंजर

अभियान के दौरान बसखारी विकास खंड के रामडीह सराय से 1 कुंतल, भीटी के जलालपुर परसुरामपुर से 1.50 कुंतल, कटेहरी के चांदपुर जलालपुर से 50 किलोग्राम, जलालपुर के नगपुर और सम्मनपुर से 2.50 कुंतल, टांडा के सद्दरपुर एवं सुलेमपुर से 2 कुंतल, रामनगर के इनदईपुर से 80 किलोग्राम, जहांगीरगंज के देवरिया बुजुर्ग और सबितपुर से 1.50 कुंतल, भियांव के दुलहूपुर एवं भियांव से 2 कुंतल तथा अकबरपुर विकास खंड के अरिया ग्राम पंचायत सहित अन्य क्लस्टरों से 3 कुंतल प्लास्टिक कचरा एकत्र किया गया।

अभियान को सफल बनाने में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), ग्राम पंचायत सचिवों और सफाई कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीमों ने गांव-गांव और बाजार क्षेत्रों में पहुंचकर प्लास्टिक कचरे को अलग से एकत्र किया, जिससे उसके पुनर्चक्रण और सुरक्षित निस्तारण की प्रक्रिया को गति मिल सके।

जिला पंचायत राज अधिकारी उपेन्द्र पाण्डेय ने निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी क्लस्टरों की बाजार वाली ग्राम पंचायतों में प्रत्येक शनिवार इसी प्रकार नियमित प्लास्टिक एकत्रीकरण अभियान चलाया जाए। उनका कहना है कि लगातार अभियान चलने से प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूत किया जा सकेगा और सार्वजनिक स्थानों पर फैले प्लास्टिक कचरे में कमी आएगी।

अभियान के बाद एकत्र किए गए प्लास्टिक कचरे को प्रसंस्करण के लिए संबंधित प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाइयों तक पहुंचाया गया। कटेहरी विकास खंड के भिउरा स्थित प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई में 12 कुंतल तथा अकबरपुर विकास खंड के सस्पना स्थित प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई में 6 कुंतल प्लास्टिक भेजी गई, ताकि उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण और पुनर्चक्रण किया जा सके।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्लास्टिक कचरे को इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित स्थानों पर जमा करें और प्लास्टिक अपशिष्ट के उचित निस्तारण में प्रशासन का सहयोग करें। अधिकारियों का कहना है कि जनभागीदारी से ही स्वच्छ, सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त वातावरण का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।