सीएम योगी के प्रस्तावित दौरे से पहले शिवबाबा धाम पहुंचा प्रशासन, सावन की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा

08 Jul 2026

अम्बेडकरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे और सावन माह में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने नगर स्थित पवित्र शिवबाबा धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

यह खबर भी पढ़े - सावन से पहले एक्शन में प्रशासन, डीएम-एसपी ने शिवबाबा धाम और कांवड़ मार्ग की तैयारियां परखी

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे और सावन में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।

जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाएं प्रशासन की प्राथमिकता हैं। वहीं पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सदर उपजिलाधिकारी प्रतीक्षा सिंह, क्षेत्राधिकारी सिटी नितीश तिवारी सहित प्रशासनिक और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे.