सावन माह के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने शिवबाबा धाम एवं कांवड़ मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर और मार्ग पर की जा रही तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सावन के दौरान दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने मंदिर परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
डीएम और एसपी ने कांवड़ मार्ग का भी निरीक्षण किया और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके। निरीक्षण के दौरान शिवबाबा धाम के पुजारी पवन गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।