हर दूसरे घर तक पहुंचा बदलते मौसम का असर! अस्पतालों में दोगुनी हुई मरीजों की भीड़, 16 डेंगू और 8 नए मलेरिया मरीजों की पुष्टि

14 Jul 2026

अम्बेडकरनगर जिले में मौसम के लगातार बदलते मिजाज का असर अब लोगों की सेहत पर भी साफ दिखाई देने लगा है। बारिश और तेज धूप के बीच हो रहे तापमान के उतार-चढ़ाव के कारण वायरल बुखार, सर्दी-जुकाम, खांसी, डेंगू और मलेरिया के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। स्थिति यह है कि सरकारी और निजी अस्पतालों में मरीजों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में लगभग दोगुनी हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार जिले में अब तक 16 डेंगू मरीजों की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 8 नए मलेरिया मरीज भी सामने आए हैं।

बदलते मौसम के बीच सबसे अधिक असर अस्पतालों की ओपीडी पर देखने को मिल रहा है। संयुक्त जिला अस्पताल में जहां सामान्य दिनों में प्रतिदिन लगभग 300 मरीज उपचार के लिए पहुंचते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर करीब 600 प्रतिदिन हो गई है। बड़ी संख्या में मरीज वायरल संक्रमण, बुखार, सर्दी, जुकाम और खांसी जैसी समस्याओं की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं।

स्वास्थ्यकर्मियों के अनुसार पिछले कुछ दिनों में मौसमी बीमारियों के मामलों में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। अस्पतालों में आने वाले मरीजों में बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों की संख्या भी उल्लेखनीय है।

यह खबर भी पढ़े - जिला जेल में अचानक बिगड़ी विचाराधीन बंदी की तबीयत, अस्पताल पहुंचने से पहले गई जान; मौत के कारणों की जांच शुरू

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक जिले में अब तक 16 लोगों में डेंगू संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है और उनका उपचार चल रहा है। वहीं मलेरिया के 44 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि हाल के दिनों में 8 नए मलेरिया मरीज सामने आए हैं।

डेंगू और मलेरिया की निगरानी के तहत स्वास्थ्य विभाग लगातार जांच भी करा रहा है। अब तक 55 लोगों के रक्त नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं, ताकि संक्रमण की समय रहते पहचान कर उपचार शुरू किया जा सके।

मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग जागरूकता अभियान भी चला रहा है। लोगों से घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, कूलर, गमलों, टायरों तथा अन्य स्थानों पर पानी जमा न होने देने और मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि समय पर जांच और उपचार से डेंगू तथा मलेरिया जैसी बीमारियों के गंभीर होने की आशंका कम की जा सकती है।

संयुक्त जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पी.एन. यादव ने बताया कि अस्पताल की ओपीडी में वायरल संक्रमण से पीड़ित मरीजों की संख्या पहले की तुलना में बढ़ी है। उन्होंने कहा कि मरीजों की जांच और उपचार के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है तथा अस्पताल में आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बुखार, शरीर में दर्द, लगातार खांसी या अन्य लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सकीय परामर्श अवश्य लें।

बारिश और धूप के लगातार बदलते क्रम ने संक्रमण फैलने की आशंका बढ़ा दी है। ऐसे मौसम में वायरल संक्रमण के साथ-साथ मच्छर जनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। स्वास्थ्य विभाग लोगों को सतर्क रहने, साफ-सफाई रखने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय पर जांच कराने की सलाह दे रहा है।