उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। हादसा जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के नन्दापुर गांव के पास हुआ, जहां श्रद्धालुओं से भरा एक ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।
जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ जिले के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के चौटाला गांव निवासी 60 वर्षीय जुनैद समेत सभी लोग मखदूम बाबा दरगाह में दर्शन करने पहुंचे थे। इसके बाद वे मीरा बाबा के दर्शन के लिए ई-रिक्शा से जा रहे थे। इसी दौरान नन्दापुर गांव के समीप ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार सभी लोग नीचे दब गए।
\हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को ई-रिक्शा के नीचे से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर पहुंचाया गया।
इस दुर्घटना में 60 वर्षीय जुनैद की मौत हो गई। वहीं लीलावती (55), कुसुम (53), रंजीत (55), अंकित (20) और शिवांश राजभर (10) घायल हो गए। सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।