तिलक और मिठाई से हुआ अम्बेडकरनगर के स्कूलों में बच्चों का स्वागत

16 Jun 2026

 

 

भीषण गर्मी और लंबी छुट्टियों के बाद सोमवार से जिले के 1583 परिषदीय विद्यालयों में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हो गई। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पहले दिन बच्चों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। हालांकि तेज धूप और उमस के कारण कई स्कूलों में छात्रों की उपस्थिति सामान्य दिनों की तुलना में कम रही।

 

सुबह विद्यालय खुलते ही छात्र जब परिसर पहुंचे तो शिक्षकों और विद्यालय स्टाफ ने उनका आत्मीय स्वागत किया। कई विद्यालयों में बच्चों को रोली-चंदन का तिलक लगाया गया और आरती उतारकर उनका अभिनंदन किया गया। बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए टॉफियां और मिठाइयां भी वितरित की गईं। लंबे समय बाद अपने मित्रों और शिक्षकों से मुलाकात कर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

 

विद्यालय परिसर को पहले से साफ-सफाई और स्वागत की तैयारियों के साथ सजाया गया था, लेकिन कक्षाओं में छात्रों की संख्या अपेक्षाकृत कम दिखाई दी। शिक्षकों के अनुसार, नए सत्र के पहले दिन अक्सर उपस्थिति कम रहती है। इसके अलावा मौजूदा समय में पड़ रही भीषण गर्मी और उमस के कारण भी कई अभिभावकों ने पहले दिन अपने बच्चों को विद्यालय नहीं भेजा।

 

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी पूनम मिश्रा ने बताया कि विभाग की ओर से सभी शिक्षकों को अभिभावकों से संपर्क करने और बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिन शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना कार्य में लगी हुई है, वे भी अभिभावकों को जागरूक करें और बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए प्रयास करें।