मानसून के दौरान संभावित खतरे को देखते हुए अंबेडकरनगर प्रशासन ने सरयू नदी की कटान से प्रभावित तटीय इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने आलापुर तहसील क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर बाढ़ कार्य खंड अयोध्या के अधिकारियों को कटान रोकने और चल रहे सुरक्षा कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने अपर जिलाधिकारी ज्योत्सना बंधु, उपजिलाधिकारी सुभाष सिंह धामी तथा बाढ़ कार्य खंड अयोध्या के अधिकारियों के साथ मांझा कम्हरिया पहुंचकर सरयू नदी से प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कटान की स्थिति का निरीक्षण करने के साथ ही बद्री का पूरा में चल रहे परक्यूपाइन स्टड निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की।
मांझा कम्हरिया के बद्री का पूरा में नदी से होने वाले कटाव को रोकने के लिए परक्यूपाइन स्टड लगाने का कार्य लगभग पूरा होने की स्थिति में है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराया जाए, ताकि बारिश और नदी के जलस्तर में वृद्धि के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
निरीक्षण के दौरान डीएम ईशा प्रिया इटौरा ढोलीपुर के समीप भी पहुंचीं, जहां नदी के किनारे कटान की स्थिति देखी गई। क्षेत्र के कुछ खेतों में नदी के कारण मिट्टी का कटाव होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने बाढ़ कार्य खंड के अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि विभाग को अभी से सक्रिय होकर कार्य करना होगा, क्योंकि आने वाले दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना के साथ कटान की स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि समय रहते आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाढ़ कार्य खंड अयोध्या के अधिकारियों को कटान रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को कहा। उन्होंने तटवर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा संबंधी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान थानाध्यक्ष तनुज पाल, अभियंता अंशुल वर्मा, अवर अभियंता फागू लाल सहित बाढ़ कार्य खंड और प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।