अम्बेडकरनगर जिले के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित न्योतरिया बाइपास पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा में सवार सात अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया।
पुलिस के अनुसार, बेवाना थाना क्षेत्र के सिवरानाली निवासी अनिल कुमार ई-रिक्शा चलाकर सवारियों को लेकर जा रहे थे। इसी दौरान न्योतरिया बाइपास पर सामने से आ रहे एक ट्रेलर से ई-रिक्शा की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अनिल कुमार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में ई-रिक्शा में सवार ज्योति, तीन वर्षीय अभिराज (निवासी सिवरानाली, बेवाना), प्रवीण बानों (निवासी सुल्तानपुर), मुहम्मद हुसैन, नूर सबा, रब्बानी फातिमा और सुभानी घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही अकबरपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और यातायात को सामान्य कराया। इसके बाद घायलों को अस्पताल भेजा गया। अकबरपुर कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।