उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी), प्रयागराज की ओर से आयोजित प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कॉलेज प्रारंभिक परीक्षा को लेकर अम्बेडकरनगर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जिले के परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को सघन जांच और बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।
प्रशासन की ओर से परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की गहन तलाशी ली जा रही है। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले जूते, बेल्ट, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य प्रतिबंधित सामग्री बाहर रखवाई जा रही है। इसके बाद पहचान पत्रों की जांच और बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
जिले के नौ परीक्षा केंद्रों पर कुल 4224 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट भी विभिन्न केंद्रों की निगरानी कर रहे हैं।
प्रशासन की ओर से सभी परीक्षा केंद्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। साथ ही उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है ताकि परीक्षा प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता न हो।