अम्बेडकरनगर जिले के भीटी थाना क्षेत्र के चिऊटीपारा गांव निवासी एक युवक को कथित तौर पर गोली मारने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि घटना पुराने विवाद से जुड़ी है। गोली युवक के पेट को छूते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह खबर भी पढ़े - ट्रक का पीछा करते हुए पहुंची टैक्स टीम, जांच शुरू होते ही मौके पर बढ़ गया तनाव
जानकारी के अनुसार चिऊटीपारा गांव निवासी हर्ष सिंह उर्फ भोले पुत्र विनोद सिंह को रियली गांव स्थित एक मुर्गी फार्म के पास गोली मारी गई। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था और उसी को लेकर यह घटना हुई। गोली लगने के बाद घायल युवक को दो लोग उसके घर चिऊटीपारा लेकर पहुंचे। इसके बाद परिजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीटी पहुंचाया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीटी में प्राथमिक उपचार के बाद युवक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. रवी राजभर के अनुसार घायल युवक खतरे से बाहर है। जिला अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आरोपित की तलाश के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सरेशाम हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपित की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने भी मामले में शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।