अमेठी में दिव्यांग बीएलओ राजरानी ने समय से पहले पूरे किए 100% SIR फॉर्म

02 Dec 2025


>अमेठी में दिव्यांग BLO राजरानी ने निर्धारित समय से पहले 100 प्रतिशत SIR फॉर्म जमा कर अनूठी मिसाल पेश की है। इस उपलब्धि के बाद प्रशासन ने उन्हें सम्मानित करने का निर्णय लिया है।


>तिलोई तहसील के संग्रामपुर गांव के बूथ संख्या 212 पर नियुक्त राजरानी पैर से दिव्यांग हैं और बिना सहारे चलने में असमर्थ रहती हैं। चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपने बूथ के सभी 753 मतदाताओं के SIR फॉर्म समय से पहले भरवा कर जमा कर दिए। प्रशासन के अनुसार, वह जिले की पहली दिव्यांग बीएलओ हैं जिन्होंने तय समय से पूर्व यह कार्य पूरा किया है।


>घरेलू जिम्मेदारियों के साथ शारीरिक बाधाओं के बीच राजरानी ने अपनी बेटी को घर की जिम्मेदारी सौंपकर और बेटे के सहारे गांव-गांव जाकर फॉर्म भरवाए। उन्होंने कहा, जिस दिन मुझे यह जिम्मेदारी मिली, मैंने इसे देशहित का काम समझकर पूरी लगन से पूरा करने का संकल्प लिया। कोई भी कार्य मन लगाकर किया जाए तो असंभव नहीं होता।


>तिलोई के एसडीएम अमित कुमार सिंह ने उनके घर जाकर सम्मानित करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि राजरानी का कार्य पूरे जिले के लिए प्रेरणादायक है। प्रशासन के अनुसार, सोमवार शाम तक तिलोई तहसील के 18 बीएलओ ने 100% कार्य पूर्ण किया है, जिनमें रोशनी सबसे आगे रहीं और राजरानी दूसरे स्थान पर रहीं।