उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में विवाहिता की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका का शव गांव के पास गेहूं के खेत में मिला था, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
पुलिस के अनुसार गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के पूरे डींगुर मजरे सराय हृदयशाह गांव निवासी 27 वर्षीय रेखा का शव 16 मार्च को गांव से करीब 150 मीटर दूर गेहूं के खेत में खून से लथपथ हालत में मिला था। सुबह शौच के लिए गए ग्रामीणों ने शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
जांच के दौरान पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चार टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान सर्विलांस और वाहन चेकिंग के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई गई।
पूछताछ में मृतका के पति मंशाराम ने हत्या की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक आरोपी का एक अन्य महिला से संबंध था और पत्नी इसका विरोध करती थी। साथ ही उसे पत्नी के चरित्र पर भी शक था, जिससे दोनों के बीच विवाद होता था।
आरोपी ने 15 मार्च की रात पत्नी को खेत में बुलाकर डंडे से वार कर हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडा और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।