33 वर्ष की उम्र में ग्राम प्रधान अंकिता वर्मा का निधन, अंतिम विदाई में उमड़ा जनसैलाब

03 Aug 2026

अंबेडकरनगर जिले के बसखारी विकासखंड की ग्राम पंचायत सुलेमपुर परसांवा की 33 वर्षीय ग्राम प्रधान अंकिता वर्मा का इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया। रविवार रात से ही उनके आवास पर ग्रामीणों, शुभचिंतकों और जनप्रतिनिधियों का पहुंचना शुरू हो गया। सोमवार को महादेवा घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग अंतिम विदाई देने पहुंचे।

परिजनों के अनुसार, दो-तीन दिन पहले अंकिता वर्मा के पैर में तेज दर्द की शिकायत हुई थी। प्रारंभिक उपचार के लिए उन्हें अयोध्या के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां उपचार के बावजूद स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उन्हें महामाया राजकीय मेडिकल कॉलेज, सद्दरपुर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकीय निगरानी में इलाज शुरू किया गया।

परिजनों के मुताबिक स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर उन्हें अकबरपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ समय के लिए उनकी स्थिति सामान्य होती दिखाई दी, लेकिन बाद में अचानक तबीयत फिर बिगड़ गई। चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें लखनऊ रेफर किया। परिजनों के अनुसार, लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही उनका निधन हो गया।

यह खबर भी पढ़े - पेड़ की कटाई के दौरान अम्बेडकरनगर में दर्दनाक हादसा, 42 वर्षीय व्यक्ति की मौत

निधन की सूचना गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया। रविवार देर रात से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार, शुभचिंतक और विभिन्न जनप्रतिनिधि उनके आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त करते रहे। परिवार के सदस्यों और महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल था। गांव में लंबे समय तक लोगों का आना-जाना लगा रहा।

सोमवार को महादेवा घाट पर अंकिता वर्मा का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में क्षेत्र के अनेक ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और परिचितों ने भाग लेकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

अंकिता वर्मा अपने पीछे पति अमरजीत वर्मा, छह वर्षीय पुत्री और लगभग डेढ़ वर्षीय पुत्र को छोड़ गई हैं। कम उम्र में उनके निधन से परिवार गहरे शोक में है। अंकिता वर्मा बसखारी विकासखंड की सुलेमपुर परसांवा ग्राम पंचायत की निर्वाचित ग्राम प्रधान थीं। पंचायत स्तर पर वे स्थानीय प्रशासनिक और विकास संबंधी कार्यों की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। उनके निधन के बाद क्षेत्र में शोक व्यक्त किया जा रहा है।