आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने होर्मुज में जहाज पर हुए हमले में तीन भारतीयों की मौत के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समक्ष भारत का कड़ा विरोध दर्ज कराने की अपील की है। इसके साथ ही उन्होंने नीट परीक्षा में पेपर लीक और टेलीग्राम पर प्रस्तावित प्रतिबंध को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए।
अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा किए गए वीडियो संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि तीन भारतीयों की हत्या के मामले में भारत की नाराजगी और विरोध अमेरिकी नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा।
नीट परीक्षा से जुड़े पेपर लीक विवाद के बीच टेलीग्राम एप पर प्रतिबंध लगाने के प्रस्ताव पर भी केजरीवाल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि केवल टेलीग्राम बंद करने या सेना के जहाजों से प्रश्नपत्रों के परिवहन जैसे कदमों से पेपर लीक की घटनाओं पर रोक नहीं लगाई जा सकती।
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पेपर लीक का कारोबार बड़े स्तर पर संचालित होता है और इससे जुड़े आर्थिक हित काफी व्यापक हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की मंशा पर भी सवाल उठाए और कहा कि छात्रों से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।