अटल वयो अभ्युदय योजना: लखनऊ में एनजीओ से आवेदन आमंत्रित

26 Feb 2026

भारत सरकार की अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित की जाने वाली राज्य कार्ययोजना के तहत वर्ष 2025-26 के लिए जनपद स्तर पर गतिविधियां संचालित कराने हेतु पात्र गैर-सरकारी संगठनों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

 

जिला समाज कल्याण अधिकारी, लखनऊ अनुसार चयनित संस्था के माध्यम से ‘प्रोडक्टिव एजिंग’ के तहत लगभग 150 वरिष्ठ नागरिकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए कार्यशालाएं, संवेदनशीलता कार्यक्रम और सामुदायिक सहभागिता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

 

योजना के तहत अंतर-पीढ़ी जुड़ाव (इंटर-जनरेशनल बॉन्डिंग) को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ज्ञान साझा, कला, संगीत, नृत्य, खेल, कहानी वाचन, डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता, योग, ध्यान और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

 

आवेदन करने वाली संस्थाओं के लिए सोसाइटी पंजीकरण अधिनियम 1860 या संबंधित अधिनियम के तहत पंजीकरण, एनजीओ दर्पण पोर्टल पर पंजीकरण, पैन व जीएसटी प्रमाणपत्र, विगत वर्षों की ऑडिट रिपोर्ट और अन्य आवश्यक दस्तावेज अनिवार्य होंगे।

 

इच्छुक संस्थाएं 7 मार्च 2026 को दोपहर 12 बजे तक जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, सर्वोदयनगर, लखनऊ में आवेदन प्रस्तुत कर सकती हैं। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।