श्री रामलला की अयोध्या दो गिनीज रिकॉर्ड के साथ रचने जा रही इतिहास

16 Oct 2025


>अयोध्या में इस वर्ष का दीपोत्सव (Deepotsav 2025) कई मायनों में ऐतिहासिक होने जा रहा है। उत्तर प्रदेश पर्यटन एवं संस्कृति विभाग ने दीपोत्सव को और भव्य बनाने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। इस बार दीपोत्सव में दो गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए जाने वाले हैं, जो इसे एक यादगार और विश्वस्तरीय आयोजन बनाएंगे।


>दीपोत्सव-2025 में पहला रिकॉर्ड 26 लाख 11 हजार 101 दीपों को जलाकर बनाया जाएगा। इस भव्य प्रज्वलन में अयोध्या के विभिन्न मंदिरों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों पर एक साथ दीपों की सजावट की जाएगी। इस आयोजन में हजारों स्वयंसेवक और स्थानीय लोग शामिल रहेंगे।


>दूसरा रिकॉर्ड सरयू आरती के दौरान स्थापित किया जाएगा। इस आरती में 2100 दीपदान किए जाएंगे। इसमें स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, संस्कृत विद्यालयों के छात्र और बड़ी संख्या में वालंटियर्स हिस्सा लेंगे। यह आयोजन दीपोत्सव को और भी दिव्य और भव्य बनाएगा।


>इस बार दीपोत्सव में कई नए प्रयोग भी किए जा रहे हैं।


>दीपोत्सव-2025 अयोध्या का नौवां संस्करण है। यूपी सरकार हर वर्ष अपने पिछले रिकॉर्ड को तोड़ने और नए कीर्तिमान स्थापित करने में लगी रहती है। इस वर्ष केवल दीप जलाने तक ही सीमित नहीं बल्कि आरती में 2100 दियों का दीपदान करके भी गिनीज बुक में नाम दर्ज कराया जाएगा।


>उत्तर प्रदेश पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस बार का दीपोत्सव ऐतिहासिक और विश्वस्तरीय अनुभव देने के लिए डिज़ाइन किया गया है। दीपोत्सव में शामिल होने वाले श्रद्धालु और पर्यटक इस भव्य आयोजन का आनंद लेने के लिए दुनिया भर से अयोध्या आएंगे।