रामनगरी में नगर कोतवाली क्षेत्र के फतेहगंज की खीर वाली गली में स्थित एक निजी गेस्ट हाउस से पुलिस ने सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया। शुक्रवार रात 12 बजे छापा मारकर पुलिस ने बिहार और गोरखपुर की 11 महिलाओं समेत कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया। सीओ सिटी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि चार मंजिला इस गेस्ट हाउस के चौथे तल पर इसी क्षेत्र का निवासी गणेश कुमार अवैध धंधा चला रहा था। महिलाओं को बिहार और गोरखपुर से लाकर यहां रखा जाता था और ग्राहकों के लिए उपलब्ध कराया जाता था।
पुलिस ने अनुसार इस गेस्ट हाउस की जांच पहले भी की गई थी, लेकिन आरोपियों को पकड़ना संभव नहीं हो पाया। शुक्रवार रात महिला थानाध्यक्ष आशा शुक्ला और नगर कोतवाली पुलिस की टीम ने सूचना मिलने के बाद तुरंत छापा मारा। छापेमारी के दौरान महिलाएं धंधे में संलिप्त पाई गईं और उन्हें हिरासत में लेकर थाने लाया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह अवैध धंधा पिछले एक साल से चल रहा था। गणेश कुमार और उसके साथी महिलाओं को ग्राहक उपलब्ध कराते थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी है।